बुधवार, 28 अक्टूबर 2015

जागरूकता का हिस्सा बनना है तो पुरस्कार वापस लौटाओ

मोदी जी भी सोच रहे होंगे कभी साहित्यकार तो कभी कलाकार पुरस्कार वापस कर अपना विरोध जता रहे हैं। सामान्य लोग तो धरना देकर अपनी बात जिम्मेदारों तक पहुंचा लेते हैं। लेकिन साहित्यकार न तो अपनी कलम रोक सकता है और न ही कलाकार अपने हुनर को। ऐसे में उनके पास कोई रास्ता नहीं है। इसलिए साहित्यकार और कलाकार पुरस्कार वापस कर अपना विरोध जता रहे हैं।

पिछले पंद्रह दिनों से साहित्यकार द्वारा पुरस्कार वापस करने का सिलसिला जारी था। लेकिन अब फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) के तीन प्रतिष्ठित छात्रों ने अपने राष्ट्रीय पुरस्कार लौटाने का फैसला किया है। उन्होंने यह निर्णय पिछले कुछ महीनों से देश में व्याप्त उस माहौल के विरोध में लिया है, जिसे उन्होंने असहिष्णुता कहा है। महाराष्ट्र के विक्रांत पवार, उत्तर प्रदेश के राकेश शुक्ला और गोवा के प्रतीक वत्स वे तीन भूतपूर्व छात्र हैं जो अपने पुरस्कार लौटाएंगे। अनंत पटवर्धन ने कहा कि ऐसा नहीं है कि हम लोग ये समझ रहे हैं कि हमारे अवॉर्ड वापस करने से सरकार अचानक से बदल जाएगी। हम यहां बैठकर सरकार से अपील नहीं कर रहे हैं। हम जनता से अपील कर रहे हैं। इस समय देश में जागने का समय चल रहा है। साहित्यकारों ने अवॉर्ड वापस लौटाए। कल वैज्ञानिकों ने अपने पुरस्कार वापस किए और हम भी इस जागरूकता का हिस्सा बनना चाहते हैं। 

बुधवार, 8 जुलाई 2015

इंसान एक, लेकिन जन्म दो बार

आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि इंसान एक है, लेकिन उसका जन्म दो अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग वक्त में हुआ है। हमें पता है आप इसको जरूर गलत कहेंगे और आपका जवाब होगा- बिल्कुल नहीं! लेकिन यह सही है। छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम अजित जोगी के विधायक बेटे अमित जोगी ने अपने बारे में खुद पेश किए गए दस्तावेजों में यही साबित करने की कोशिश की। एक में वे खुद को छत्तीसगढ़ में पैदा हुए बता रहे हैं, जबकि दूसरे दस्तावेज़ में अमेरिका में पैदा हुए। दोनों ही दस्तावेज़ सँरकारी हैं। मरवाही विधानसभा क्षेत्र से विधायक अमित की ओर से दो अलग-अलग जगहों में पेश दस्तावेजों के मुताबिक, उन्होंने एक बार अमेरिका में जन्म लिया और दूसरी बार छत्तीसगढ़ में। दस्तावेज यह भी बताते हैं कि अमेरिका में अमित जोगी का जन्म 1977 में, जबकि छत्तीसगढ के मरवाही में उनका जन्म 1978 में हुआ। प्रदेश के सबसे चर्चित राजनीतिक परिवार में अमित के अलावा उनकी मां रेणु जोगी भी विधायक हैं। दरअसल अमित जोगी का जन्म अमेरिका के डेलॉस टैक्सॉस में हुआ था। वह पैदा होने के बाद से अमरीका के नागरिक रहे। 2001 में अमित ने भारत सरकार से यहां की नागरिकता मांगी। इसके लिए भारत सरकार के गृह मंत्रालय को साझा की गई जानकारी में उन्होंने अपना जन्म स्थान डेलॉस टैक्सॉस बताया और उसमें जन्मतिथि बताई 7 अगस्त 1977। इन्हीं जानकारियों के आधार पर अमित को भारतीय नागरिकता मिल भी गई। चुनाव लड़ने के समय 28 दिसंबर 2913 को अमित जोगी ने जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए खुद के दस्तखत के साथ पटवारी प्रतिवेदन जमा किया। पटवारी प्रतिवेदन में उन्होंने जन्मस्थान कॉलम में गौरेला ब्लॉक का सारबहरा गांव बता दिया। इसमें उन्होंने अपनी जन्मतिथि 7 अगस्त, 1978 बताई। इस मसले पर पार्टी के कोई भी नेता कुछ बोलने को तैयार नहीं है। सभी यह कह कर बच रहे हैं कि वह उनका व्यक्तिगत मामला है। बात यहीं खत्म नहीं होती। जोगी परिवार की जाति को लेकर भी मुकदमा चल रहा है। उनसे यह लड़ाई बीजेपी के राज्यसभा सांसद नंद कुमार साय लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, "जोगी परिवार कुछ भी कर सकता है। यह अपने आप में चौंकाने वाला तथ्य है।" साय ने संबंधित विभाग से जांच कराए जाने की मांग की है।


क्या है नियम

पटवारी प्रतिवेदन शपथ-पत्र की शक्ल में तहसीलदार या एसडीएम के कार्यालय में जाता है। इस मामले में अदालत को गलत जानकारी देना धोखाधड़ी माना जाता है। एडवोकेट हितेन्द्र तिवारी का कहना है कि सक्षम न्यायालय को गलत जानकारी देना धारा 420 के तहत अपराध की श्रेणी में आता है।




रविवार, 10 मई 2015

मेरीकॉम ने इंदिरा गांधी को पीछे छोड़ प्रेरणादायक मां बनी

बमेरीकॉम ने इंदिरा गांधी को पीछे छोड़ा, बनीं सबसे प्रेरणादायक मांभारतीय ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज एम. सी. मेरी कॉम ने दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को पीछे छोड़ते हुए देश की सर्वाधिक प्रेरणादायक मां का खिताब हासिल किया है। मदर्स डे के मौके पर जारी एक सर्वेक्षण में इस बात का खुलासा हुआ है।
ऑनलाइन मैचमेकिंग मंच 'शादी डॉट कॉम' की ओर से भारत और ब्रिटेन में सर्वाधिक प्रेरणादायक मां की तलाश के लिए ऑनलाइन सर्वेक्षण कराया गया, जिसमें करीब 9,700 भारतीय महिलाओं ने अपनी राय जाहिर की। दुनिया के लिए प्रेरणा बनने वाली भारतीय महिलाओं के बारे में राय पूछे जाने पर 39.1 फीसदी ने मेरी कॉम का नाम लिया, जबकि 32.4 फीसदी ने अभिनेत्री ऐश्वर्य राय का और 28.5 फीसदी ने इंदिरा गांधी का नाम लिया।

ब्रिटेन में इसी सवाल के जवाब में 40.2 फीसदी ने प्रिंसेज ऑफ वेल्स डायना का नाम लिया, 33.1 फीसदी ने 'हैरी पॉटर' उपन्यास की लेखिका जे. के. रॉलिंग का और 26.7 फीसदी ने अभिनेत्री ऑड्रे हेपबर्न का नाम लिया। 'शादी डॉट कॉम' के सीओओ गौरव रक्षित ने सर्वेक्षण के परिणाम पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सर्वेक्षण में सर्वाधिक सफल महिलाओं के नाम सामने आए, जिन्होंने बड़े काम किए और दुनिया को प्रेरणा दी।